
16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना। ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर रामपुर में बेली ब्रिज की जगह अब करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी पुल का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को ऊना के एक दिवसीय दौरे के दौरान इस स्थायी पुल का शिलान्यास किया।
वर्ष 2024 में आपदा के दौरान रामपुर स्थित पुल को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद लोगों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए सरकार ने करीब 10 दिनों में अस्थायी बेली ब्रिज तैयार करवाकर यातायात के लिए खोल दिया था। हालांकि, बाद में यह बेली ब्रिज भी कई बार क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थायी पुल के निर्माण की मांग को लेकर विधानसभा में ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने भी मामला उठाया था। वहीं, पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष पुल के स्थायी समाधान की मांग रखी थी।
अब सरकार ने बेली ब्रिज के स्थान पर स्थायी पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को छह महीने के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर इसे जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए हैं।
स्थायी पुल के निर्माण से ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पुल के निर्माण के बाद क्षेत्र में बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाले अस्थायी पुल से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।





