2 नवंबर को मानव सृष्टि संस्थान पहुंचेंगे राज्यपाल, तीन चिकित्सा पद्धतियों का करेंगे उद्घाटन

23 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन के गण की सेर स्थित मानव सृष्टि संस्थान में आगामी 2 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिरकत करेंगे। इस दौरान राज्यपाल संस्थान में तीन प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर संस्थान की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

संस्थान के संचालक मूर्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों से मानव सृष्टि संस्थान में भारतीय जीवनशैली को पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से योग एवं अन्य गतिविधियों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संस्थान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में राज्यपाल सहित मुख्यमंत्री शिरकत कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को राज्यपाल के संस्थान पहुंचने पर सबसे पहले गौशाला में गौ पूजन किया जाएगा। इसके बाद तीन प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों के उद्घाटन के अवसर पर हवन आयोजित किया जाएगा। हवन के उपरांत राज्यपाल संस्थान के विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

संस्थान में राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और कार्यक्रम को लेकर संस्थान प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Share the news