21 अगस्त से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र, 10 बैठकें होंगी आयोजित

खबर अभी-अभी | 19 अगस्त 2026 | शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 10 बैठकें होंगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बजट सत्र में अब तक 16 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेन्द्र सिंह और राम चन्द भाटिया के निधन पर शोकोद्गार व्यक्त किए जाएंगे। वहीं, 27 अगस्त को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है।

1036 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त

पठानिया ने बताया कि मानसून सत्र के लिए विधायकों की ओर से प्रश्नों से संबंधित कुल 1036 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं और नियमानुसार आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दी गई हैं। प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं भेजने का समय 18 अगस्त को शाम 5 बजे समाप्त हो चुका है।

इसके अलावा नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 2, नियम 101 के तहत 5 और नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं भी सदस्यों से प्राप्त हुई हैं। इन सूचनाओं को भी आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेजा गया है।

आपदा और विकास से जुड़े मुद्दे रहेंगे प्रमुख

विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार सदस्यों की ओर से उठाए गए प्रमुख मुद्दों में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र से सहायता राशि, बाढ़ और भारी बारिश से पैदा हुई स्थिति तथा आपदा से निपटने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास शामिल हैं।

इसके अलावा सड़कों और पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, स्कूलों का विलय, महाविद्यालयों, स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के मुद्दे भी सदन में उठेंगे।

पर्यटन, उद्यान, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम, बढ़ते अपराध और परिवहन व्यवस्था समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

20 अगस्त को प्रमुख नेताओं की बैठक

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के सुचारू संचालन के लिए 20 अगस्त को शाम 4:30 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई गई है। बैठक में संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी शामिल होंगे।

पठानिया ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के समय का अधिक से अधिक सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों और सार्थक चर्चा के लिए किया जाना चाहिए।

Share the news