54 लोग और निकाले, पांच दिन में 2,209 सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए

#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*

19 अगस्त 2023

जिला कांगड़ा के इंदौरा में चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने बोट के माध्यम से बेला इंदौरा के जलमग्न क्षेत्रों से 54 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि रेस्क्यू किए गए लोगों की संख्या 2,209 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर उपमंडल में फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि वायुसेना के हेलिकॉप्टर और सेना की टीम को वीरवार शाम वापस भेज दिया गया है और अब इंदौरा क्षेत्र में एक एनडीआरएफ की टीम को तैनात है। उन्होंने बताया कि इंदौरा और फतेहपुर में अब तक 994 लोगों को एयरलिफ्ट और 1,005 लोगों को बोट के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। वहीं, 210 लोगों को ट्रैक्टर और ट्रॉली के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। इस दौरान इंदौरा से कुल 1,787 और फतेहपुर से 422 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पूरे पांच दिन तक सेना और बचाव दलों के अलावा एसपी नूरपुर अशोक रतन, एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरिंद्र ठाकुर, एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह, तहसीलदार इंदौरा शिखा, तहसीलदार फतेहपुर पवन सहित पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी हर समय मौके पर डटे रहे।

#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*

Share the news