खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
18 जनवरी 2023

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का प्रभाव हिमाचल में देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से 21 से 26 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी बढ़ने की संभावना है। इसके तहत 24 से 26 को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू के साथ शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर व आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी हो सकती है। शिमला शहर में भी भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश में आज भी मौसम खराब बना हुआ है।
स्थानीय लोगों, पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन शिमला, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा से मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए पर्यटकों की आवाजाही पर भी निगरानी रखने का अनुरोध किया है।

पर्यटकों को अटल टनल रोहतांग, हामटा, जलोड़ी दर्रा, सोझा तथा चंद्रखणी सहित अन्य संवेदनशील पर्यटन स्थलों की ओर आवाजाही नहीं करने को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जिला लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने कहा कि अगले एक-दो दिन को छोड़कर पूरे सप्ताहभर मौसम खराब रहेगा।
ऐसे में आम नागरिकों व पर्यटकों से ऊंचाई वाले इलाकों व अनावश्यक यात्रा करने से बचे और अपने घरों में सुरक्षित रहे। उन्होंने पर्यटन कारोबार करने वाले कारोबारियों, होटलियर्स, ग्राम पंचायत प्रधान, सरकारी व गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स के साथ पैदल यात्रियों से अनुरोध है कि वह मौसम की स्थिति देखकर ही आवाजाही करें।
सहायक आयुक्त कुल्लू शशिपाल नेगी ने कहा कि बर्फबारी होने पर सैलानी व स्थानीय लोग किसी तरह की आपदा को लेकर 1077 नंबर पर फोन कर मदद मांग सकते हैं।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2, सुंदरनगर माइनस 0.7, भुंतर 0.2, कल्पा माइनस 4.5, धर्मशाला 2.2, ऊना 0.0, नाहन 6.0, केलांग माइनस 10.0, पालमपुर 0.5, सोलन माइनस 0.4, मनाली माइनस 2.2, कांगड़ा 2.2, मंडी 2.4, बिलासपुर 2.0, हमीरपुर 0.1, चंबा 2.5, डलहौजी 0.6, जुब्बड़हट्टी 2.3, कुफरी 0.3, कुकुमसेरी माइनस 8.5, नारकंडा माइनस 1.7, कसौली 2.6, रिकांगपिओ माइनस 1.4, सेऊबाग माइनस 1.1, धौलाकुआं 3.2, बरठीं माइनस 1.0, पांवटा साहिब 6.0 और सराहन में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।