बिलासपुर जिला की सीमाओं पर सख्त पहरे के बीच ट्रक ऑपरेटरों ने 100 मालवाहक वाहन रोके और उन्हें भेजा वापस

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

20 फरवरी 2023

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला की सीमाओं पर सख्त पहरे के बीच ट्रक ऑपरेटरों ने रविवार को करीब 100 मालवाहक वाहन रोके और उन्हें वापस भेजा। दूध, ब्रेड, फल और सब्जी से लदे वाहनों को ट्रक ऑपरेटरों ने नहीं रोका ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो। शनिवार रात और रविवार दिन को हमीरपुर बॉर्डर पर तरघेल, लदरौर के पास और स्वारघाट बॉर्डर पर देहणी के पास बाहरी राज्यों से सामान लेकर आ रहे ट्रकों पर कड़ा पहरा रखा। देहणी में बीडीटीएस के ऑपरेटरों ने दिन भर कई ट्रकों को वापस भेजा। नयना देवी और स्वारघाट बॉर्डर के ऑपरेटर हाईवे पर अपनी गाड़ियों से पेट्रोलिंग करते रहे। ऑपरेटरों का सीधा संदेश है कि कोई भी बाहर का ट्रक प्रदेश में रेत, बजरी, सरिया, सीमेंट लेकर प्रवेश नहीं करेगा।

सीमेंट विवाद को लेकर बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा (बीडीटीएस) ने बरमाणा में धरना प्रदर्शन जारी रखा है। रविवार को नौवें दिन भी धरना जारी रहा। नौवें दिन मेन मार्केट वार्ड नंबर नौ से विकास भार्गव ने धरने का मोर्चा संभाला। वहीं बरमाणा में प्रस्तावित दाड़लाघाट के ट्रक ऑपरेटरों के साथ होने वाली वार्ता किसी कारण नहीं हो पाई। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि ऑपरेटर सीमाओं पर सीमेंट व अन्य निर्माण सामग्री लाने वाले वाहनों को रोक रहे हैं। तब तक इन्हें रोका जाएगा, जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता।

 

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news