
5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

सलोगड़ा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, संदिग्ध लोगों की आवाजाही और नशे की गतिविधियों को लेकर बीडीसी सदस्य मनीष कुमार की अगुवाई में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पुलिस अधीक्षक सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा (IPS) से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
बीडीसी सदस्य मनीष कुमार ने कहा कि सलोगड़ा और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं तथा संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने, जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने बाहरी राज्यों से सोलन विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में आकर रहने वाले लोगों के पुलिस थाने में आवश्यक पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही मकान मालिकों से किराएदारों का पूरा विवरण और जरूरी दस्तावेज पुलिस थाने तथा संबंधित पंचायत सचिव के पास उपलब्ध करवाने की मांग रखी गई।
सलोगड़ा में स्थायी पुलिस नाके की मांग
सलोगड़ा और मनसार पंचायतों के बीच सलोगड़ा में स्थायी पुलिस नाका लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि नाके से संदिग्ध वाहनों और लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ क्षेत्र में चोरी और नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सलोगड़ा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और पुलिस नाका भी लगाया जाएगा। उन्होंने खराब सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करवाने तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।
इस दौरान वार्ड सदस्य विनोद सहित आशा, वंदना, हेत राम, मोहित, अशोक और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे सलोगड़ा क्षेत्र में चोरी, नशे और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।





