गगल हवाई अड्डा विस्तारीकरण को लेकर रछियालु गांव के लोगों ने जमकर किया विरोध

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

5 मार्च 2023

गगल हवाई अड्डा विस्तारीकरण को लेकर सामाजिक प्रभाव का आकलन करने आई टीम का शनिवार को रछियालु गांव के लोगों ने जमकर विरोध किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी भी सूरत में एयरपोर्ट के नाम पर एक इंच का विस्तारीकरण नहीं होने देंगे। सामाजिक सर्वे आकलन कमेटी के सामने अपनी बात रखते हुए ग्रामीणों ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार के विरोध में पूरा गांव एक है। भले ही इसके लिए उन्हें कोई भी रास्ता क्यों ना अपनाना पड़े। वहीं सनौरा में ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर एसडीएम के माध्यम से सरकार से गुहार लगाई कि अगर उन्हें उजाड़ना ही है तो उजाड़ने से पहले उनका पुनर्वास का प्रबंध किया जाए। हर परिवार को उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार मुहैया करवाने के साथ वर्तमान मूल्य से अधिक मुआवजा प्रदान किया जाए। इस दौरान पंचायत की प्रधान संजू कुमारी, जिला परिषद सदस्य जोगिंद्र सिंह पंकू और उपप्रधान मुख्तयार सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news