
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
5 मार्च 2023
सोलन में नई शिक्षा नीति के तहत हिंदी लेखन और भाषा में जमा एक और दो कक्षाओं के विद्यार्थियों को निपुण बनाने की तैयारी प्रदेश में की जा रही है। इसके तहत प्रध्यापकों को भी तैयार किया जा रहा है। इस उद्देश्य से एससीईआरटी सोलन में छह दिवसीय सेवारत अध्यापक प्रशिक्षण विषय हिंदी की आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता संस्थान की कार्यकारी प्राचार्य डॉ. रजनी सांख्यान ने की। आयोजित शिविर में प्रदेश के छह जिलों से 35 हिंदी प्रध्यापकों ने भाग लिया। इसमें शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर, बिलासपुर और जिला ऊना शामिल रहा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि अध्यापकों को हिंदी साहित्य और हिंदी शिक्षण की विविध आयामों की जानकारी दी गई। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति भाषाई बिंदु पर डॉ जगदेव शर्मा, साहित्य और समाज के बीच अंतर संबंध विषय पर डॉ. अशोक गौतम ने जानकारी प्रदान की। इसके अलावा डॉ. प्रेम लाल गौतम साहित्य और संस्कृति, डॉ. बलदेव ठाकुर ने प्राचीन काव्य, डॉ. आरएन मेहता ने भारतीय काव्य शास्त्र, डॉ. नरेश हिंदी गद्य साहित्य, मनीष तोमर ने पोस्को एक्ट, डॉ. प्रियंका भारद्वाज ने आधुनिक काव्य, डॉ. हेमा ठाकुर ने लोक साहित्य और अरूण नैथानी ने लेखन, संपादन पर अपने विचार साझा किए। कार्यकारी प्राचार्य ने कहा कि जो कुछ अध्यापकों ने यहां से सीखा है, उसे बच्चों तक अवश्य पहुंचाए ताकि हिंदी भाषा के प्रति बच्चों की रुचि बढ़े।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





