कृषि विभाग ने खरीफ फसलों के बीजों की कीमतें 15 रुपये तक बढ़ाई, मात्रा घटाकर सब्सिडी घटाई

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 अप्रैल 2023

हिमाचल प्रदेश के लाखों किसानों को राज्य सरकार ने खेतीबाड़ी महंगी कर जोर का झटका दिया है। कृषि विभाग ने खरीफ फसलों के बीजों की कीमतें 15 रुपये तक बढ़ा दी हैं, वहीं सब्सिडी पर मिलने वाले बीजों की मात्रा कम कर सब्सिडी भी कम कर दी है। अब किसानों को सीमित मात्रा में ही सब्सिडी पर बीज मिलेंगे। मुख्यमंत्री कृषि संवर्धन योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत किसानों को कृषि बीज और अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए जाते हैं। वर्ष 2023-24 में खरीफ फसल के दौरान किसानों को दिए जाने वाले बीज के दाम और मात्रा तय की है। सरकार पहले किसानों को जितना चाहे बीज सब्सिडी पर उपलब्ध करवाती थी। अब सब्सिडी पर मिलने वाले बीज की मात्रा सीमित कर दी है। तय मात्रा से ज्यादा खरीदने पर किसानों को बाजार के अनुसार भुगतान करना होगा।

अब किसानों को बाजरा मात्र डेढ़ किलोग्राम मिलेगा। बरसीम दो किलो, मक्की पांच, धान हाईब्रीड चार, धान इंप्रूवड पांच, चरी पांच, मक्के के घास का बीज पांच, गेहूं 40 और जौई 20 किलोग्राम ही मिलेगी। इससे अधिक की खरीद पर किसान को सब्सिडी नहीं मिलेगी और उनसे बाजार के अनुसार कीमत वसूली जाएगी। कृषि विभाग के कृषि विक्रय केंद्रों, पंजीकृत निजी बीज डिपो और सहकारी सभाओं के डिपुओं पर बीज की खरीद पर किसानों से आधार नंबर लिया जाएगा और पक्का बिल दिया जाएगा। मक्की हाईब्रीड का बीज पूर्व में 60 रुपये प्रति किलो मिलता था, लेकिन इस बार 75 रुपये में मिल रहा है। मक्की की अन्य किस्म 49 के बजाय 58 रुपये, बाजरा 52 के बजाय 64 रुपये, चरी 35 के बजाय 44 रुपये, धान का बीज 105 के बजाय 120 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news