
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
26 अप्रैल 2023
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 17 और 19 मई को होने वाले आईपीएल मैचों को लेेकर उपायुुक्त डाॅ. निपुण जिंदल की अध्यक्षता में एचपीसीए और जिला प्रशासन ने बैठक की। मैचों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। उपायुक्त ने कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, शहर की साफ-सफाई और अग्निशमन सेवाओं सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में बेहतर तरीके से निपटने के लिए पूर्व तैयारी के तौर पर स्टेडियम के समीप भीड़ प्रबंधन को लेकर मॉकड्रिल की जाएगी। इसके अलावा उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मैच के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आसपास के क्षेत्र में मरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। विद्युत बोर्ड और नगर निगम धर्मशाला के पदाधिकारियों को स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम धर्मशाला के अधिकारियों को मैच के आयोजन के दौरान शहर और क्रिकेट मैदान के आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के बेहतर प्रबंध करने के लिए कहा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





