# रेस्ट हाउस का ताला तोड़कर शातिरों ने 14 स्लीपर चुराए |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

4 मई 2023

भटियात वन विभाग के रेस्ट हाउस का ताला तोड़कर शातिरों ने देवदार के 14 स्लीपरों पर हाथ साफ किया है। इतना ही नहीं रेस्ट हाउस के किचन में रखे सामान को भी चोरी कर लिया है। इसको लेकर वन विभाग ने पुलिस थाना चुवाड़ी में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है।

रेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। शिकायत में वन विभाग के वनरक्षक और वन खंड अधिकारी ने बताया है कि 30 अप्रैल को फ्लाइंग स्क्वायड धर्मशाला की टीम ने 14 देवदार के स्लीपर पकड़े थे। इनको कैंथली वन बीट के वनरक्षक के हवाले किया था।

स्लीपरों को रेस्ट हाउस में रखा गया था लेकिन दो दिन पहले रेस्ट हाउस में लगे ताले को तोड़कर अंदर रखे देवदार के स्लीपरों को चोरी कर लिया गया है। इसकी भनक विभाग को तब लगी जब रेस्ट हाउस में विभागीय कर्मचारी जांच पड़ताल करने के लिए पहुंचे।

इस दौरान वहां पर दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया गया। किचन में रखा सामान भी बिखरा पड़ा था। इसको लेकर तुरंत वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस अधीक्षक चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news