# पीपल मेले के दौरान पैराग्लाइडिंग का मज़ा ले रहे पर्यटक |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

5 मई 2023

 

 जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर में जहां बसंत उत्सव का लोग आनंद ले रहे हैं। तो वहीं ढालपुर में शुरू हुई नई पैराग्लाइडिंग साइट में मानव परिंदे उड़ान भरते हुए नजर आ रहे हैं। एक और जहां बसंत उत्सव में व्यापारिक मेला चल रहा है तो वहीं मेले में आने वाले लोगों के लिए पैराग्लाइडिंग भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद आज आसमान साफ होने के बाद ढालपुर में पैराग्लाइडिंग होती देख लोग भी इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद करने लगे है।

बता दें कि सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर के प्रयासों से ढालपुर में नई पैराग्लाइडिंग साइट शुरू हुई है। पैराग्लाइडिंग करने आने वाले पर्यटकों का कहना है कि यहां पर पैराग्लाइडिंग करते समय कुल्लू शहर का बहुत ही मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। कुल्लू शहर के ऊपर उड़ान भरते मानव परिंदों को देखने के लिए स्थानीय लोगों का भी हुजूम भी जमा रहता है। इससे पहले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पैराग्लाइडिंग करने के लिए मनाली डोभी नांगा बाग़ गड़सा जैसे साइट पर जाना पड़ता था। लेकिन अब जिला मुख्यालय में ही पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटकों को इसका लाभ मिल रहा है।

वहीं, स्थानीय लोग भी पैराग्लाइडिंग होते देख इन तस्वीरों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। गुजरात से आए पर्यटक ने बताया कि वह 20 लोगों का ग्रुप यहां घूमने आया था, जिन्होंने ढालपुर में पैराग्लाइडिंग की। उनका कहना है कि पहले तो उन्हें थोड़ा डर लगा, लेकिन जब हवा में उड़ान भरी तो उनका सारा डर खत्म हो गया और आसमान से कुल्लू शहर का नजारा भी मनमोहक दिख रहा है।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news