# कांग्रेस के पीढ़ी परिवर्तन को जनता का प्रचंड बहुमत |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

6 मई 2023

 नगर निगम शिमला चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को जहां मजबूती दी, वहीं कांग्रेस में हुए पीढ़ी परिवर्तन को भी प्रचंड बहुमत मिला। हालांकि विपक्ष ने आग लगाने का प्रयास करते हुए कांग्रेस के प्रचार में वीरभद्र का फोटो न लगे होने का मुद्दा उठा उपरी शिमला के वोटरों को प्रभावित करने का प्रयास भी किया। लेकिन कांग्रेस के पीढ़ी परिवर्तन को जनता के दरबार में अपनी पहली स्वीकृति मिल ही गई। इस जीत के साथ कांग्रेस में एक गुट विशेष की राजनीति का भी फिलहाल अंत होता दिखाई दिया।

दशकों से पूर्व मुख्यमंत्री के इर्दगिर्द घूमती रही प्रदेश की राजनीति में हालांकि उनकी पकड़ उनके देहांत से पहले ही ढ़ीली हो चुकी थी लेकिन हिमाचल में उनके नाम से राजनीति करने वाले कुछ लोग गुट विशेष को जिंदा रखना चाहते थे। वहीं, ऐसी संभावनाओं को विपक्ष भी हवा दे रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू के अनुभवी नेतृत्व ने कांग्रेस के लिए इतिहास ही लिख दिया। इस जीत से मुख्यमंत्री सुक्खू की लोकप्रियता भी जाहिर हुई क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक शिमला के वार्डों में प्रचार के लिए निकले थे लेकिन जीत कांग्रेस की ही हुई।

शुरूआती प्रचार में बढ़त दिखाने के बाद भाजपा अपने लिए बड़ी संभावना देख रही थी लेकिन प्रचार के अंतिम सप्ताह में कमान अपने हाथ में लेकर सुक्खू ने चुनाव की दिशा ही बदल दी। यह मुख्यमंत्री के सक्रिय होने का नतीजा ही है कि कांग्रेस को पहली बार दो तिहाई बहुमत तो मिला ही वहीं गुटबाजी जैसी कोई एक भी चीज अब कांग्रेस की जीत के रास्ते नहीं आई।

सरकार में व्यवस्था परिवर्तन की हुंकार देने वाले सुक्खू ने कांग्रेस में चुपचाप पीढ़ी परिवर्तन तो किया ही अब उस परिवर्तन को स्थापित कर कांग्रेस के लिए आने वाले समय की आहट दे दी है। कांग्रेस में नया जुनून है। सालों से उपेक्षित रहे वर्ग भी अब मुख्यधारा में हैं और इससे कांग्रेस अब भाजपा के मुकाबले कहीं अधिक मजबूत स्थिति में आ गई हैं। एक मजबूत नेता, प्रभावी सरकार और जनकल्याण की कमीटमेंट के सहारे कांग्रेस भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news