# हार पचाकर निभाएं विपक्ष की भूमिका : विक्रमादित्य सिंह


ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

6 मई 2023

 नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के बाद अब मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए दावेदारी शुरू हो गई है। एक और जहां छोटा शिमला से सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी सुरेंद्र चौहान के मेयर बनने के कयास लगाए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी की चौदह महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। ऐसे में अब कुल 34 वार्डों का प्रतिनिधित्व 21 महिलाएं कर रही है। ऐसे में अब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने महिलाओं को बड़े पद देने के लिए पैरवी करने की बात कही है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नगर निगम चुनावों में मिली जीत का श्रेय शिमला के लोगों को दिया है। मीडिया से मुखातिब होकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार नगर निगम के सदन में 34 में से 21 महिलाएं पार्षद के रूप में पहुंची है। जिनमें से 14 कांग्रेस की है और वे स्वयं कांग्रेस पार्टी के चुनाव निशान पर जीती हुई महिला पार्षद को निगम में बड़े पद के लिए पैरवी करेंगे।

उन्होंने कहा कि निगम की आगामी बैठकों में वे विधायक के नाते स्वयं शिरकत करेंगे और शिमला के विकास के लिए बनने वाली योजनाओं में अपने सुझाव भी साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाई है, जिसका फायदा आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मिलेगा।

भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा हार पचा नहीं पा रही है, जिसके चलते अब हार के नए नए बहाने ढूंढ रही है। वहीं, सेब सीजन की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बागवानी और लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि बागवानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news