# युवाओं को नशों से दूर रखने को पुलिस ले रही खेलों का सहारा |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

7 मई 2023

ऊना जिला पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ जारी अभियान में खेलों को एक बड़े सहारे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। रविवार को जिला पुलिस द्वारा दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया, जिसमें जिला के ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की कई फुटबॉल टीमें अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। प्रतियोगिता आयोजन मंडल के सदस्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर पदमश्री अजय ठाकुर ने कहा कि जिला पुलिस के कप्तान अर्जित सेन ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित की गई बैठक में युवाओं को नशों से दूर रखने की दिशा में कदम बढ़ाने का फैसला लिया गया, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर सहमति बनी है। उसी के मद्देनजर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि इसके बाद हैंडबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल आदि खेलों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति आकर्षित युवा और खेलों के प्रति लालायित युवा खुद ही नशों को न कहते हैं और ऐसे में युवाओं को नशा रुपी जहर से बचाने में खेलों की अहम भूमिका सामने आई है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे भी युवाओं को इस बुराई से बचाने की दिशा में कदम बढ़ाएं और प्रत्येक सप्ताह अपने ग्रामीण क्षेत्र में किसी न किसी विशेष खेल का आयोजन करते हुए युवाओं को उसमें प्रतिभागिता के लिए प्रोत्साहित करें।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news