
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
7 मई 2023

शनिवार रात आए भारी तूफान व बारिश की वजह से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। शाहपुर की ग्राम पंचायत हरनेरा में विशाल पेड़ गिरने से एक घर ढह गया है। मकान मालिक को भारी नुकसान हुआ है। जिस समय यह पेड़ गिरा, उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर खाना खा रहे थे, लेकिन वह सभी सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात आए भारी तूफान की वजह से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरनेरा में प्रशोतम लाल के घर पर अचानक विशाल पेड़ गिर गया। इस कारण उनके कच्चे मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है। प्रशोतम लाल मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं और यह परिवार बेहद गरीब है।
उन्होंने सरकार व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। प्रशोतम लाल ने कहा कि वे दिहाड़ी लगाते हैं। बड़ी मुश्किल से यह मकान बनाया था, जो अब ढह गया है, जिसकी मरम्मत करवाने में वे असमर्थ हैं। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





