सोलन शहर में भवनों का निर्माण अब करना होगा सरकार की ओर से तय मानकों पर

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 मई 2023

सोलन शहर में भवनों का निर्माण अब सरकार की ओर से तय मानकों पर करना होगा। इसके लिए निगम अब सख्त हो गया है। बजट भाषण में भी मंगलवार को महापौर पूनम ग्रोवर ने तय मानकों पर ही भवन के निर्माण करने का आग्रह किया है।

उन्होंने भाषण में कहा कि इससे अवैध निर्माण पर रोक लगेगी। महापौर ने कहा कि सोलन शहर भूकंप जोन में आता है। इसके लिए यहां पर सरकार की ओर से तय मानकों के आधार पर भवनों का निर्माण करना जरूरी है। हालांकि निगम कुछ दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे करवा रहा है। जिससे शहर में हो रहे अवैध निर्माण के बारे में भी पता चल सकेगा। शहर में कई जगहों पर अवैध निर्माण लगातार चल रहा है। वर्तमान में भी कई निर्माणाधीन भवन अवैध तौर पर बनाए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में अधिक दिक्कत आ सकती है। इसे देखते हुए बजट भाषण में लोगों से तय मानकों पर ही निर्माण करने के लिए कहा गया है। उन्होंने साथ ही कहा कि भवनों का निर्माण तय मानकों पर करवाना हमारा कर्तव्य है। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में अवैध निर्माण करने वाले लोगों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है और निगम भारी भरकम जुर्माना भी भवन मालिकों पर कर सकती है।

शहर के वार्डों को साफ और स्वच्छ रखने के लिए मेरा शहर मेरा योगदान मुहिम शुरू होगी। इस मुहिम के तहत लोगों को खुले में कूड़ा न फेंकने और गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग देने की अपील की है। इससे लोगों को काफी फायदा मिलेगा और शहर से भी गंदगी जल्द उठेगी। वहीं शहर भी जल्दी और आसानी से स्वच्छ हो सकेगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news