कांगड़ा बस अड्डे में हार्डवेयर की दुकान में लगी आग, सामान राख

#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*

22 अगस्त 2023

 कांगड़ा बस अड्डे के समीप रविवार आधी रात को हार्डवेयर की बड़ी दुकान आग लगने से अंदर रखा सारा सामान जल गया। दमकल विभाग ने घटनास्थल पर आग तो बुझा दी, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा सामान जल चुका था। हार्डवेयर की यह दुकान पूर्व नप अध्यक्ष एवं मौजूदा पार्षद अशोक शर्मा की है। रविवार देर रात हुई इस घटना से उनका काफी आर्थिक नुकसान हो गया।
आग इतनी भयंकर थी कि कांगड़ा के साथ-साथ धर्मशाला से भी अग्निशमन की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अशोक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह अपने परिवार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अभी नुकसान का आकलन लगाया जा रहा है। एसडीएम सोमिल गौतम और थाना प्रभारी संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे।

उधर, दमकल अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना रविवार रात को मिली थी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर भयंकर आग पर काबू पा लिया। अज्ञात कारणों से लगी आग को काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। नुकसान कितना हुआ है दुकान मालिक की ओर से इसका आकलन किया जा रहा है।

#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*

Share the news