
#खबर अभी अभी चंडीगढ़ ब्यूरो*
27 सितंबर 2023

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के 32 विधायक उनके संपर्क में है। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी बवाल खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और प्रताप बाजवा के बीच मंगलवार को जुबानी जंग छिड़ गई। इसमें भगवंत मान काफी नाराज दिखाई दे रहे है
मुख्यमंत्री मान ने एक्स पर मंगलवार सुबह लिखा कि प्रताप बाजवा (भाजपा) आप पंजाब के लोगों की चुनी हुई सरकार तोड़ने की बात कर रहे हैं? मुझे पता है कि कांग्रेस ने आपकी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा की भ्रूणहत्या कर दी थी। मैं पंजाब के तीन करोड़ लोगों का प्रतिनिधि हूं, आपकी तरह कुर्सी का तिकड़मबाज नहीं। अगर हिम्मत है तो हाईकमान से बात करें।
मुख्यमंत्री के इस बयान के कुछ देर बाद ही प्रताप बाजवा ने भी मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि ‘भगवंत शाह’ राज तो राजाओं के नहीं रहे फिर आप किस बाग की मूली हो। बाजवा ने मुख्यमंत्री मान को कार्यकारी मुख्यमंत्री बताते हुए लिखा- ‘वैसे तो मैं आपको जवाब देना वाजिब नहीं समझता लेकिन चलो आप खाए-पिए में ट्वीट कर बैठे हैं तो जवाब भी सुन लें। आपने आज तक अपने चुटकुलों से पंजाब के विकास की भ्रूणहत्या ही की है, न तो आपसे कानून व्यवस्था संभली, न आर्थिकता संभली, न पंजाब की नौजवानी को नशे से संभाल पाए, न ही आपके आका और आप कनाडा में बैठे प्रवासी पंजाबियों के हक में कोई शब्द बोल सके। और कितनी भ्रूण हत्या करनी है पंजाब के लोगों के रंगले ख्वाबों की?’मुख्यमंत्री भगवंत मान और नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा के बीच सोशल मीडिया में शुरू हुई उक्त जुबानी जंग में पंजाब के आम लोग भी शामिल हो गए। कुछ लोगों ने ट्वीट किए, जिनमें एक ट्वीट यह था- ”आप दोनों इस तरह लड़ रहे हो जैसे आपके हाथ में अपनी-अपनी पार्टियों की कमान है। मित्रों आप दोनों कठपुतलियां हो। दोनों की डोर दिल्ली के हाथ में है। एक पर सुपर सीएम हैं राघव चड्ढा और दूसरे पर राहुल गांधी।’ एक अन्य व्यक्ति ने लिखा- ‘जिस तरह 2017 के चुनाव से पहले कैप्टन ने बाजवा की प्रधानगी छीनी थी, आप सुखपाल खैरा विरोधी पक्ष के नेता की सीट छीनने के प्रयास में है।’ एक अन्य ट्वीट था- ‘नौटंकी देखने वाली है। बाहर कांग्रेस के साथ तू मेरा भाई, मैं तेरा भाई करते हैं और पंजाब आकर जुबान बदल जाती है इनकी।’
#खबर अभी अभी चंडीगढ़ ब्यूरो*





