
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 फरवरी 2024
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से 17 फरवरी को पेश किए जाने वाले बजट से प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये मिलने और युवाओं को रोजगार की आस है। प्रदेश में अभी सिर्फ स्पीति की महिलाओं 1500-1500 रुपये की सम्मान राशि दी गई है। अन्य जिलों में इस योजना को शुरू करने का इंतजार है। बीते दिनों कांग्रेस हाईकमान भी लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को यह धनराशि देने का निर्देश जारी कर चुका है। ऐसे में उम्मीद है कि मुख्यमंत्री अपने बजट भाषण में महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करेंगे। उधर, कर्मचारी भर्ती आयोग हमीरपुर के माध्यम से भर्तियां शुरू होने का बेरोजगारों को इंतजार है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान गारंटी देते हुए महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सुनिश्चित आय देने की बात कही थी। सरकार बनने के बाद स्पीति से इस योजना को शुरू किया गया है। स्पीति घाटी की 286 बौद्ध भिक्षुणियों समेत 840 महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रदेश की 2.31 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत पात्र पाया गया है। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से यह राशि दी जानी है।
प्रदेश में पहले चरण में 1000 और 1150 रुपये पेंशन ले रही महिलाओं को 1500 रुपये दिए जाएंगे। 18 से 59 वर्ष की अन्य पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से योजना में शामिल किया जाना है। ऐसे में संभावित है कि मुख्यमंत्री अपने दूसरे बजट में इस योजना को कुछ पात्र महिलाओं के शुरू करने का ऐलान करेंगे। उधर, प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए सरकार ने हमीरपुर में नया भर्ती आयोग गठित किया है। इस आयोग को भी जल्द चालू कर भर्तियां शुरू होने का बेरोजगारों को इंतजार है। कांग्रेस ने चुनाव के समय में पांच लाख रोजगार देने का एलान किया था। इसके तहत सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाशे जा रहे हैं। निजी कंपनियों के साथ सरकार लगातार अनुबंध कर रही है। रोजगार कार्यालयों के माध्यम से पात्र युवाओं को नौकरियां दिलाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश में 20 हजार नये रोजगार देने का सरकार ने लक्ष्य रखा है। उम्मीद है कि बजट में और अधिक नौकरियों का पिटारा खोलते हुए मुख्यमंत्री लोकसेवा आयोग शिमला और कर्मचारी भर्ती आयोग हमीरपुर को और मजबूत करेंगे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





