
#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*
11 फरवरी 2024

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रदेश भर में 2258 परीक्षा केंद्रों में 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित करेगा। इस दौरान अभी तक बोर्ड प्रबंधन के पास पंजीकृत विद्यार्थियों में 10वीं में करीब 95 हजार, जबकि 12वीं कक्षा में 80 हजार के लगभग विद्यार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। अभी भी कई स्कूलों से आवेदन पहुंच रहे हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा की 10वीं और 12वीं कक्षा की नियमित और एसओएस परीक्षार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू होंगी। इस परीक्षाओं की तैयारियों के लिए बोर्ड प्रबंधन जुटा है। परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए बोर्ड की ओर से प्रदेश भर में करीब 2258 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
इनमें निजी स्कूलों में 240, जबकि 2018 परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों में रहेंगे। एसओएस परीक्षा के लिए 213 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। नकल को रोकने के लिए उड़नदस्तों का गठन किया जा रहा है। साथ ही संबंधित उपमंडलाधिकारियों की भी नकल रोकने के लिए मदद ली जाएगी। सीसीटीवी की मॉनिटरिंग को और बेहतर बनाया जाएगा। परीक्षा परिणाम को जल्द निकालने के लिए इस बार मूल्यांकन केंद्रों में भी बोर्ड प्रबंधन बढ़ोतरी करने जा रहा है। इससे रिजल्ट जल्द से जल्द घोषित किया जा सकेगा। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इस बार बोर्ड तीन मूल्यांकन केंद्रों का नाम सावित्रीबाई फुले के नाम से बनाए जाएंगे। यहां पर महिला स्टाफ ही उपलब्ध होगा। यह पहली बार है जब स्थल मूल्यांकन केंद्रों को भी सावित्रीबाई फुले नाम दिया जा रहा है। इससे पहले परीक्षा केंद्रों को ही नाम दिया है।
#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*





