
खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
6 अप्रैल 2024

11 अप्रैल को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिमाचल में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी तय होंगे। प्रत्याशियों को लेकर सहमति बनाने के लिए हिमाचल कांग्रेस के बड़े नेता दिल्ली पहुंचे हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने बताया कि सर्वे पूरा कर लिया गया है। चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले नेता को पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाया जाएगा। वहीं, दिल्ली में शनिवार सुबह कांग्रेस की समन्वय समिति की बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा और विधानसभा के उपचुनाव के दौरान सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल बनाते हुए चुनावी रणनीति बनाई गई। दोपहर को प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बनाने के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक शुरू हुई। स्क्रीनिंग कमेटी मंथन कर केंद्रीय चुनाव समिति को पैनल भेजेगी।





