हिमाचल भाजपा में नई जान फूंकेंगे जेपी नड्डा

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

20 सितंबर 2024

हरियाणा और जे एंड के राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल में पार्टी में नई जान फूंकेंगे। केंद्र में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनने के बाद नड्डा पहली बार अपने गृहराज्य हिमाचल आ रहे हैं। तीन से लेकर पांच अक्तूबर तक नड्डा का तीन दिवसीय दौरा तय हुआ है। सिरमौर, सोलन व शिमला होते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष बिलासपुर पहुंचेंगे। एम्स में विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। हालांकि अभी तक पार्टी के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से उनके फाइनल दौरे का शेड्यूल आना बाकी है।

टेंटेटिव शेड्यूल के मुताबिक जेपी नड्डा केंद्रीय मंत्री बनने के बाद बिलासपुर नहीं आए हैं। इसलिए यह उनका पहला दौरा होगा। तीन अक्तूबर को सिरमौर जिला का दौरा तय हुआ है, जहां जेपी नड्डा पार्टी की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। नाहन के बाद सोलन जिला से होते हुए नड्डा प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचेंगे। चार अक्तूबर को नड्डा प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक भी करेंगे और प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालात पर विस्तृत चर्चा करेंगे। दोपहर बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। जेपी नडडा पांच अक्तूबर को एम्स में प्रस्तावित उदघाटन व शिलान्यास कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे और अब तक की प्रगति का जायजा भी लेंगे। वह एम्स प्रबंधन के साथ रिव्यू मीटिंग भी करेंगे।

Share the news