
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
23 सितंबर 2024
सीएम ने जम्मू के बणी में करना था जनसभा को संबोधित; पर तबीयत खराब होने की वजह से रद्द हुआ दौरा, उपमुख्यमंत्री को भेजने की योजना भी नहीं चढ़ी सिरे
जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सुनने के लिए बड़ी भीड़ रविवार को बणी में जुटी। हालांकि मुख्यमंत्री का दौरा बीमारी की वजह से पहले ही रद्द हो गया था। मुख्यमंत्री को बणी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक खराब होने की वजह से वह इस जनसभा को संबोधित नहीं कर पाए। इसके बाद सीनियर ऑब्जर्वर मुकेश अग्निहोत्री को इस जनसभा में भेजने की तैयारी थी, लेकिन सिंगल इंजन का चौपर होने की वजह से उड़ान नहीं हो पाई। उनकी जगह कांग्रेस एआईसीसी के समन्वयक हरिकृष्ण हिमराल ने बणी में लोगों को संबोधित किया।
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस संगठन ने इस जनसभा को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर प्रचारित किया था और उन्हें सुनने के लिए बड़ी तादाद में लोग जनसभा स्थल पर पहुंचे थे। यहां कांग्रेस ने काजल राजपूत को अपना उम्मीदवार बनाया है। बणी राजपूत बहुल क्षेत्र है और यहां 41 प्रतिशत राजपूत रहते हैं। हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कद राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा हो गया है। उन्हें पसंद करने वाले लोगों की तादाद लगातार बढ़ रही है। कांग्रेस में निष्ठा दिखाने वालों ने इस बार केंद्र में भाजपा के 400 पार के दावे को झुठला दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार ने कई सकारात्मक फैसले किए हैं। राज्य सरकार खराब आर्थिक हालात से निपटने के लिए लगातार कदम उठा रही है।





