
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
15 अक्तूबर 2024
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह व उनकी पार्टी के चार विधायक जिस ईवीएम से इस बार चुनकर आए हैं, सीएम उसी ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं। इसके चलते वे बेहद गैरजिम्मेदराना और अलोकतांत्रिक ब्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोकतंत्र जनादेश और जनमत का अपमान कर रहे हैं। इसके पहले भी वह तीन बार इसी ईवीएम मशीन द्वारा चुनकर विधानसभा पहुंचे। उनके अन्य सहयोगी भी इसी मशीन से जनमत पाकर कई बार विधानसभा में पहुंचे। सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आए जयराम ठाकुर ने जंजैहली के निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण किया। जयराम ठाकुर ने बताया कि पांच करोड़ रुपए की लागत से बन रहे बस अड्डे का शिलान्यास उनके मुख्यमंत्री रहते किया गया था।
बिंदल का आरोप, हिमाचल के हितों से हो रहा खिलवाड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इन्फ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट में सर्वाधिक योगदान केंद्र सरकार का रहता है। विशेषतौर पर नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट में सर्वाधिक सहयोग किया गया है। केंद्र सरकार के इस योगदान को झुठलाना और नकारना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। इस प्रकार केंद्र सरकार का तिरस्कार करके प्रदेश सरकार व कांग्रेस पार्टी हिमाचल के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। डा. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण सडक़ों के निर्माण में क्रांति प्रधानमंत्री सडक़ योजना के कारण आई है। डा. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के नेता और वर्तमान कांग्रेस सरकार इन उपलब्धियों को नकारने का असफल प्रयास कर रही है





