हिमाचल मे पूर्व डीजीपी कुंडू सहित 10 आईपीएस अफसरों की मुश्किलें बढ़ीं, पूर्व पुलिस कर्मी के बयान किए दर्ज

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 अक्तूबर 2024

गृह विभाग निर्देशों के बाद स्टेट सीआईडी मामले की जांच कर रही है। इसके लिए एसपी रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में टीम का गठन किया गया है।
पूर्व डीजीपी संजय कुंडू समेत पुलिस के दस अफसरों के खिलाफ चल रहे मामले की जांच में अफसरों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को सीआईडी थाने में शिकायतकर्ता मीना नेगी के पति पूर्व पुलिस कर्मचारी धर्मसुख नेगी के बयान सीआईडी ने दर्ज किए। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी ने मामले की जांच से संबंधित रिकॉर्ड भी पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यालयों से तलब कर लिया है। गृह विभाग निर्देशों के बाद स्टेट सीआईडी मामले की जांच कर रही है। इसके लिए एसपी रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में टीम का गठन किया गया है।
गौर हो कि पुलिस विभाग के पूर्व कर्मचारी धर्मसुख नेगी की पत्नी मीना नेगी ने पुलिस विभाग के पूर्व डीजीपी समेत दस पुलिस अफसरों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मीना नेगी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए हैं कि पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बदले की भावना से उनके पति के खिलाफ विभागीय जांच बैठाकर आठ साल का सेवाकाल शेष रहते ही नौकरी से निकाल दिया था।

Share the news