
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*
22 अक्तूबर 2024
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। भारतीय सेना में तैनात ज्वालामुखी तहसील से संबंध रखने वाला लापता जवान सोमवार को देहरा में घूमता हुआ मिला है। जवान को उसके परिजन देहरा से घर ले गए। ज्वालामुखी का जवान 16 अक्तूबर को ड्यूटी देने के लिए तो घर से निकला था, लेकिन वह अपनी ड्यूटी के लिए जम्मू यूनिट नहीं पहुंच पाया था। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।जवान के पिता सतीश कुमार ने पुलिस थाना ज्वालामुखी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनका बेटा अभिषेक कुमार निवासी गांव लोअर घलोर ज्वालामुखी भारतीय सेना में जम्मू में कार्यरत है। अभिषेक 15 दिन की छुट्टी काटने घर आया था और 16 अक्तूबर को छुट्टी काटने के बाद वापस अपनी तैनाती के लिए जम्मू के लिए एचआरटीसी बस से जा रहा था, लेकिन अभिषेक को जम्मू से पहले ही बड़ी ब्राह्मणा में बस से उतरते देखा गया।इसके बाद वह एक ट्रक से लिफ्ट लेकर ऊना के अंब पहुंच गया और वहां से भी लिफ्ट लेकर सोमवार को देहरा पहुंच गया। यहां उसे घूमते उसके परिचितों ने देखा और जवान के परिजनों को सारी जानकारी दी। परिजनों का कहना था कि अभिषेक से उनकी अंतिम बात विजयनगर में हुई थी उसके बाद से अभिषेक का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। वहीं, अभिषेक जम्मू में अपनी यूनिट में वापस रिपोर्ट नहीं कर पाया। वहीं, सोमवार को देहरा में जवान अभिषेक को घूमते हुए पाया गया और उसके जानने वालों ने इसकी सूचना परिजनों को दी और परिजन जवान अभिषेक को घर ले गए हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी ज्वालामुखी विजय कुमार शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि सेना के जवान का पता लग गया है और पुलिस ने सर्च अभियान अब बंद कर दिया गया है।





