
शिमला/धर्मशाला । हिमाचल प्रदेश ने नए साल का स्वागत धमाल के साथ किया है। राज्य के सभी पर्यटक स्थलों पर होटल पैक थे और देर रात तक जश्र चलता रहा। शिमला, धर्मशाला और डलहौजी में विंटर कार्निवन चल रहा है और मनाली में वैसे ही कार्निवल जैसा माहौल था। राज्य के पर्यटन स्थलों पर नए साल का जश्र मनाने के लिए पर्यटकों को सैलाब उमड़ पड़ा और देर रात बारह बजे तक डीजे की धुनों पर थिरकते रहे। शिमला, मनाली, डलहौजी, मकलोडगंज समेत अन्य स्थलों पर रात तक पर्यटकों के आने का दौर रहा। शिमला के रिज मैदान पर डीजे पार्टी के साथ नए साल का स्वागत हुआ।
शिमला शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सुरक्षा के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट का इस्तेमाल करते हुए पहले ही पांच सेक्टर में विभाजित किया गया था। मालरोड समेत शहरभर में 400 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहे। हर सेक्टर की जिम्मेदारी एएसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी को दी गई है। राज्य सरकार ने नववर्ष पर सभी जगह देर रात तक दुकानों को खुला रखने के आदेश पहले ही दे रखे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्ष में सरकार जनता के सरोकार से जुड़े प्रत्येक मामले को गंभीरता के साथ पूरा करेगी।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर सैर को निकले मुख्यमंत्री सुक्खू
नववर्ष की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने माल रोड और रिज का किया भ्रमण किया और साथ ही पर्यटकों से भी संवाद के साथ कई पर्यटकों से रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने रिज पर लगे हिमाचल के पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प को प्रदर्शित करने वाले स्टॉलों का भी अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों और लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मंत्री राजेश धर्माणी, नरेश चौहान, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
2026 ये क्या हैं उम्मीदें?
कर्मचारी : 2026 में सरकारी कर्मचारियों को नई वेतन आयोग की उम्मीद है। केंद्रीय कर्मियों को इसी वर्ष यह लागू होगा। हिमाचल में कर्मचारियों को पिछले वेतन आयोग के एरियर और महंगाई भत्ते की उम्मीद है।
सरकार : 2026 में हिमाचल सरकार को केंद्र सरकार से 16वें वित्त आयोग के माध्यम से अच्छा अनुदान मिलने की उम्मीद है। पहली अप्रैल से ये सिफारिशें लागू होंगी और मुख्यमंत्री सुक्खू ने चार बार वित्त आयोग अध्यक्ष से दिल्ली में मुलाकात कर अपना पक्ष रखा है।
नौजवान: हिमाचल के युवाओं को 2026 में नए रोजगार की उम्मीद है। अकेले शिक्षा विभाग में ही 7000 से ज्यादा भर्तियां इस साल संभव हैं। राज्य सरकार राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और अन्य महत्त्वपूर्ण में भी अगले चुनाव से ठीक पहले नई भर्ती कर सकती है।
गांव और शहर : 2026 में हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज और शहरी निकाय में चुनाव भी होने हैं। लोगों को वोट के जरिए अपनी पंचायत या नगर पंचायत एवं नगर परिषद चुनने का मौका मिलेगा।
उद्योग : 2026 में निवेश के लिए भी एक अच्छी उम्मीद है। राज्य सरकार ऊना में स्थापित होने वाले बल्क ड्रग पार्क को बनाएगी। इस पार्क में 20000 साइंस ग्रेजुएट को नौकरी देने की क्षमता है। राज्य में पहले से मौजूद फार्मा उद्योग को भी इसे मजबूती मिलेगी।
पर्यटन : प्रदेश सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाएं लागू हैं। उम्मीद है कि नए साल में पर्यटन से प्रदेश की आर्थिकी को को सहारा मिलेगा।
प्रदेशवासियों को नववर्ष की बधाई
शिमला। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने नव वर्ष की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि नव वर्ष प्रत्येक घर में शांति, सुख और समृद्धि लेकर आएगा तथा प्रगति एवं विकास के नए सुअवसरों का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि नव वर्ष आशाओं, सकारात्मक सोच और एक मजबूत, स्वस्थ एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का समय है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पण और सौहार्द के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
सबके जीवन में खुशहाली आए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2026 की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नया साल सबके लिए अपार खुशियां लेकर आए तथा नव वर्ष नई आशाओं, नए संकल्पों और नई ऊर्जा का प्रसार करें। उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया और प्रदेश की जनता ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कई चुनौतियों का सामना किया। यह वर्ष हमारे प्रदेश के लिए विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों भरा साल रहा है। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की चिट्टा मुक्त हिमाचल मुहिम को अपार जन समर्थन मिला है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कांगड़ा वैली कार्निवल, शिमला विंटर कार्निवल और डलहौजी विंटर फेस्ट जैसे आयोजनों की अभिनव पहल की।





