
कुनिहार : देवभूमि हिमाचल के जिला सोलन के ऐतिहासिक क्षेत्र कुनिहार में स्थित अनादि कालीन शिव तांडव गुफा में शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 4 फरवरी 2026 से 11 दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। ‘समस्त शंभू परिवार’ एवं ‘गुफा विकास समिति कुनिहार’ के सौजन्य से आयोजित इस पावन आयोजन में क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं को शिव भक्ति में सराबोर होने का अवसर मिलेगा।
आयोजन का भव्य आगाज 4 फरवरी को सुबह 9 बजे शिव महापुराण ग्रंथ व कथावाचक के स्वागत तथा भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा कोठी घाटी से आरंभ होकर शिव तांडव गुफा तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु मंगल गान करते हुए शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं को भगवान शिव के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कराने के लिए प्रख्यात कथा व्यास आचार्य बलवंत शांडिल, गांव दोची कुनिहार, प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक कथा का वाचन करेंगे।
गुफा विकास समिति के अध्यक्ष राम रतन तनवर, उपाध्यक्ष रितु ठाकुर और मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज ने बताया कि कथा के उपरांत प्रतिदिन सायं 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
शंभू परिवार व गुफा विकास समिति ने सभी क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों और शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलश यात्रा व कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। साथ ही समिति ने समस्त प्रदेशवासियों को आगामी महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।





