
शिमला।
संजौली चौक में सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक छोटा बच्चा रोता हुआ पाया गया। मौके पर ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मी ने तुरंत आसपास के लोगों से बच्चे के माता-पिता के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बच्चा कम उम्र का होने के कारण अपना नाम-पता भी नहीं बता पा रहा था, जिस पर उसे सुरक्षित रूप से थाना संजौली लाया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संजौली क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चे के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि इंजनघर आंगनवाड़ी केंद्र में इस नाम का बच्चा पहले दर्ज था। वहां से माता-पिता का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया और उन्हें थाना संजौली बुलाया गया।
पूछताछ में अभिभावकों ने बताया कि वे अपने दो बच्चों के दाखिले के लिए पहले राजकीय प्राथमिक पाठशाला संजौली गए थे। छोटे बच्चे अक्षित को स्कूल परिसर में छोड़कर वे बड़े बच्चे का दाखिला करवाने अन्य स्कूल चले गए। इसी दौरान सुबह की प्रार्थना के समय जब स्कूल स्टाफ बाहर गया, तो बच्चा वहां से निकलकर बाहर आ गया और भटकते हुए संजौली चौक पहुंच गया।
पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से अपील की है कि छोटे बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर अकेला न छोड़ें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।





