
करसोग,
स्वास्थ्य खंड करसोग में राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 95 प्रतिशत (21,536) बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवाई एल्बेंडाजोल खिलाई गई, जबकि 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 92 प्रतिशत (5,852) बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान की गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम वर्ष में दो बार—फरवरी और अगस्त माह में—आयोजित किया जाता है। इसके तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से निःशुल्क एल्बेंडाजोल दवा दी जाती है, जिससे आंतों के कृमि संक्रमण से बचाव हो सके। साथ ही 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देकर उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। जिन बच्चों को किसी कारणवश दवाई नहीं दी जा सकी है, उन्हें 28 फरवरी 2026 से पूर्व दवाई अवश्य खिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर शेष बच्चों को दवाई उपलब्ध करवाएंगी।
डॉ. चौहान ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में एनीमिया की रोकथाम, कुपोषण में कमी तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति में सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा एवं विटामिन-ए की खुराक अवश्य दिलवाएं, ताकि उनके स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।





