उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अपरेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित

कुल्लू
जिले में नेशनल अपरेंटिस प्रोत्साहन योजना (NAPS) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत मॉनिटरिंग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज उपायुक्त कुल्लू के कक्ष में जिला स्तरीय अपरेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त, कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने भाग लेकर अपने-अपने विभागों में अपरेंटिसशिप प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शमशी द्वारा किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य सुनील कुमार , सहायक अपरेंटिसशिप सलाहकार का दायित्व भी निभा रहे हैं, ने बैठक के दौरान अपरेंटिसशिप अधिनियम के प्रावधानों एवं राष्ट्रीय अपरेंटिस प्रोत्साहन योजना (NAPS) के अंतर्गत मिलने वाले लाभों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
बैठक में बताया गया कि अपरेंटिसशिप प्रशिक्षण से युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है, जिससे वे रोजगार हेतु पूर्णतः तैयार बनते हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें राष्ट्रीय अपरेंटिसशिप प्रमाणपत्र (NAC) प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही विभागों एवं संस्थानों को भी प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध होता है, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में अपरेंटिसशिप के अवसरों को बढ़ावा दें तथा अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करें, ताकि जिले में कौशल विकास को सुदृढ़ किया जा सके और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा की रिपोर्ट……

Share the news