नंगल गोलीकांड: मुख्य आरोपी शुभम सहित दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

नंगल में 17 फ़रवरी को हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि 5–6 लोगों ने दो व्यक्तियों पर तेज़धार हथियारों और पिस्टल से हमला किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी को खंगाला गया। इन्हीं तथ्यों के आधार पर 22 फ़रवरी को धुंधली निवासी महेंद्र उर्फ दारा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हमले के बाद आरोपियों को फरार होने में मदद करने के लिए महेंद्र उर्फ दारा ने अपनी मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थी। साथ ही, घटना के समय मुख्य आरोपी शुभम द्वारा इस्तेमाल की गई गाड़ी को ठिकाने लगाने में भी उसकी भूमिका सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में स्पष्ट हुआ कि शुभम ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले और गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारी विनोद धीमान ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नंगल गोलीकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share the news