
शिमला:
छोटा शिमला थाना पुलिस ने लोक भवन और मंत्री आवास के पास स्थित बिजली विभाग के पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 को बिजली विभाग की ओर से छोटा शिमला थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि लोक भवन और मंत्री आवास के नजदीक स्थित पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी हो गई हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 22/2026 धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और शहर के विभिन्न कबाड़ की दुकानों के साथ-साथ कबाड़ का काम करने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति रंजीत उर्फ डैनी निवासी जिला दरभंगा (बिहार), हाल निवासी खलीनी शिमला की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन वह लगातार झूठ बोलकर पुलिस को गुमराह करता रहा।
इसके बाद पुलिस ने धीरे-धीरे ठोस सबूत जुटाए और जांच के दौरान आरोपी की गाड़ी से चोरी की गई तांबे की तारें बरामद कर लीं। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 6 मार्च 2026 को रंजीत उर्फ डैनी को गिरफ्तार कर लिया।
गहन पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की इस वारदात में उसके साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। उनकी पहचान सोनू सहानी (29 वर्ष) पुत्र नरेश साहनी और अजय सहानी उर्फ लनटुन (25 वर्ष) पुत्र उदगार साहनी, दोनों निवासी मुस्तफापुर तहसील हनुमान नगर जिला दरभंगा (बिहार) हाल निवासी शिमला के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।





