
6 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना-2023 के तहत शिमला जिला में दो और आवेदकों को ई-टैक्सी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी देने को मंजूरी प्रदान की गई है। यह निर्णय उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में संदीप कुमार को 7,49,950 रुपये तथा ईश्वर दास को 7,17,000 रुपये की सब्सिडी देने के मामलों को मंजूरी दी गई। समिति ने दोनों आवेदनों के दस्तावेजों, पात्रता और निर्धारित प्रक्रिया की समीक्षा के बाद अनुमोदन प्रदान किया।
जिला में योजना के तहत अब तक 11 आवेदकों ने पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है। इनमें से 5 आवेदनों को जिला स्तरीय समिति पहले ही मंजूरी दे चुकी है।
7 लाभार्थियों को 60.94 लाख रुपये की सब्सिडी
बैठक में बताया गया कि शिमला जिला में अब तक 7 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। इन्हें कुल 60 लाख 94 हजार 295 रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।
वर्तमान में जिला में योजना के तहत 20 ई-टैक्सियां संचालित हो रही हैं। इससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी करने और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मोहन लाल, जिला रोजगार अधिकारी प्रवीण नागरयक, महाप्रबंधक जीआईसी संजय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला स्तरीय समिति के सदस्य उपस्थित रहे।





