
कुल्लू—
उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने शनिवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग-03 (मनाली-कुल्लू) के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित प्रमुख स्थानों पर हुए नुकसान को जल्द से जल्द ठीक करने पर जोर दिया।
बैठक में विस्तृत पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई कि रामशिला से भूतनाथ पुल तक भूस्खलन से प्रभावित चार स्थलों का विशेषज्ञ एजेंसी द्वारा अध्ययन किया गया है, जिसके आधार पर रेस्टोरेशन कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही व्यास नदी के तटों की सुरक्षा के लिए इसकी संपूर्ण मॉडलिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मनाली-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रेजिंग और सुरक्षा दीवारों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि भविष्य में होने वाले नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मानसून के दौरान हुए भूस्खलन से सड़क को भारी क्षति पहुंची है।
उन्होंने एनएचएआई को संवेदनशील स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा एसडीएम को फोरलेन मार्ग के किनारे हो रहे अवैध कब्जों को हटाने के आदेश जारी किए गए।
बैठक के बाद उपायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ बजौरा से मनाली तक क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम निशांत ठाकुर, परियोजना निदेशक वरुण चारी, अशोक चौहान, विनय हाजरी, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा





