कसौली : किप्स सनवारा में सत्य साई बाबा रथ यात्रा का भव्य स्वागत, गूंजा पूरा परिसर

सोमवार को कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (KIPS), सनवारा में उस समय आध्यात्मिक वातावरण बन गया, जब सत्य साई बाबा जी की रथ यात्रा प्रातः करीब 10 बजे विद्यालय परिसर में पहुँची। यह अवसर विद्यालय के लिए अत्यंत सौभाग्यपूर्ण और यादगार रहा।

रथ यात्रा के स्वागत के लिए छात्र-छात्राएं मार्ग के दोनों ओर फूलों के साथ खड़े नजर आए और रथ पर पुष्प वर्षा कर भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा परिसर “जय सत्य साई बाबा” के जयघोष से गूंज उठा। रथ यात्रा के साथ आए श्रद्धालुओं का भी विद्यार्थियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रांगण में भजन-कीर्तन एवं सत्य साई आरती का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अपने संबोधन में डॉ. वर्मा ने सत्य साई बाबा की 100वीं जयंती के अवसर पर सेवा, दान और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर, प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर, न्यासी राजेंद्र ठाकुर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजीव मैनरा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल सुव्यवस्थित रहा, बल्कि सभी के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का स्रोत भी बना।

Share the news