कुल्लू : पैंथर फाइट नाइट में चैंपियन बने काव्यांश शर्मा, ला मोंटेसरी स्कूल में हुआ जोरदार सम्मान

कुल्लू /भुंतर,
पैंथर फाइट नाइट मिक्स मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में चैंपियन बेल्ट जीतकर इतिहास रचने वाले युवा खिलाड़ी काव्यांश शर्मा का ला मोंटेसरी स्कूल में भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

काव्यांश की इस शानदार जीत ने न केवल उनके परिवार और संस्थान, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विद्यालय स्टाफ ने उन्हें प्रेरणादायक खिलाड़ी बताते हुए विद्यार्थियों के लिए आदर्श बताया।

इस अवसर पर एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के चेयरमैन किशन ठाकुर, जूडो एसोसिएशन के चेयरमैन करतार सिंह गुलेरिया, स्कूल प्रिंसिपल आरती शर्मा, एमडी ललिता कंवर, संचालक अध्यक्ष उदय कंवर तथा कोच रणवीर ठाकुर ने काव्यांश को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का विश्वास जताया।

काव्यांश शर्मा ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कठिन अभ्यास, आत्मविश्वास और कोच रणवीर ठाकुर के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में आयोजित पैंथर फाइट प्रतियोगिता में जूडो, बॉक्सिंग, किकबॉक्सिंग और कराटे की तकनीकों ने मुकाबले के दौरान उन्हें निर्णायक बढ़त दिलाई।

उन्होंने गर्व के साथ बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के पहले खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने पैंथर फाइट जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेकर चैंपियन बेल्ट अपने नाम की। इस उपलब्धि को उन्होंने अपने माता-पिता, कोच और संस्थान को समर्पित किया।

अंत में काव्यांश शर्मा ने कहा कि यह जीत उनके सफर की शुरुआत है और भविष्य में वह और अधिक मेहनत कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने राज्य और देश का नाम ऊंचा करेंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा, कुल्लू

Share the news