मनाली में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना पर एबीवीपी का आक्रोश, दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग- अभिनव कश्यप

कुल्लू-
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला कुल्लू के जिला संयोजक अभिनव कश्यप ने मनाली क्षेत्र से सामने आई एक मासूम 2 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया है।अभिनव कश्यप ने कहा कि इस प्रकार की घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। एक मासूम बच्ची के साथ इस तरह की दरिंदगी होना मानवता पर कलंक है और यह दर्शाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से कमजोर हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आना यह साबित करता है कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है और प्रशासन अपराधों को रोकने में पूरी तरह विफल रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस घटना को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध करने वाले दरिंदों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।परिषद ने मांग की है कि मनाली में सामने आए इस दुष्कर्म मामले की तुरंत उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसे अपराधियों को ऐसी कड़ी सजा दी जाए, जिससे समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए कि इस प्रकार के अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से ठोस कदम उठाने चाहिए। केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर सख्त कानून व्यवस्था लागू करनी होगी।अंत में परिषद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में जल्द और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट कुल्लू सुशांत शर्मा…

Share the news