
नेशनल हाईवे 103 पर अमरोह क्षेत्र में दो बाइकों की जोरदार टक्कर में व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसा बुधवार रात करीब 9:30 बजे पेश आया है। हादसे में पांच लोग घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। यहां से एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए इसे एम्स बिलासपुर के लिए रेफर किया गया था। एम्स बिलासपुर से रात के समय ही इसे पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। पीजीआई ले जाते वक्त व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है।
मृतक की पहचान केवल कुमार निवासी गांव दरबेली जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अमरोह चौक पर एक बाइक अमरोह की तरफ जाने के लिए आधे से ज्यादा मार्ग क्रास कर चुकी थी तभी नादौन की तरफ से आई बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे जबकि दूसरी पर दो लोग थे। हादसे में घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया। यहां से गंभीर घायल केवल कुमार को एम्स बिलासपुर के लिए रेफर किया गया। पीजीआई ले जाते समय इसने दम तोड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।





