
31/7/2026
सोलन
खबर अभी अभी
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में लगभग 125 किलोमीटर सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। उन्होंने इसे दून के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कुठाड़ से बाढ़ की हट्टी तक लगभग 21 किलोमीटर लंबी सड़क में 16 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तारकोल की कमी और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुआ। युद्ध के चलते तारकोल की कीमतों में वृद्धि होने से पहले जारी किए गए टेंडरों को दोबारा करना पड़ा, लेकिन अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और शेष कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
विधायक के अनुसार उनके कार्यकाल में कई प्रमुख संपर्क मार्गों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है, जिनमें जोहड़जी–डकरियाना (10 किमी), पट्टा–नानका (18 किमी), पट्टा–गोयला (20 किमी), मंधाला–गुनाई (7 किमी), पट्टा–बनलगी (7 किमी), साईं–गवासानी (4 किमी) तथा कोलका–गवासानी (3 किमी) एवं अन्य रोड़ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सबसे अधिक नुकसान बरोटीवाला–बद्दी मुख्य सड़क को हुआ था। इस सड़क पर बर्धमान से सिक्का तक लगभग 10 किलोमीटर डबल लेन का निर्माण 27 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। वहीं सिक्का से बद्दी तक सड़क के लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है।
रामकुमार चौधरी ने बताया कि मानपुरा–ढेला थाना मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। वहीं साईं रोड पर भी काम प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली, टाटा और बीएसएनएल के पोल तथा पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया जारी है। यह कार्य पूरा होते ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि दशहरा और दीपावली तक बद्दी क्षेत्र की अधिकांश प्रमुख सड़कें पूरी तरह चकाचक नजर आएंगी।
विधायक ने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके तहत करीब 12 करोड़ रुपये के कार्यों का ठेका निजी एजेंसी को दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आधुनिक सड़क सुविधाएं विकसित होंगी, यातायात और अधिक सुगम होगा तथा लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।






