विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक मनाया गया

1/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, कुल्लू द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त 2026) का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कुल्लू, डॉ. रंजीत ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रंजीत ठाकुर ने अपने संबोधन में जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराने, जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा इसके बाद दो वर्ष या उससे अधिक समय तक उचित पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, संक्रमण से बचाने तथा स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं, नर्सिंग विद्यार्थियों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज़ प्रतियोगिता, भाषण (डिक्लेमेशन) प्रतियोगिता, रोल प्ले तथा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को स्तनपान, मातृ पोषण तथा शिशु स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग ने विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने तथा प्रत्येक माँ और परिवार से शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए स्तनपान को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

Share the news