
3/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी
सरकार के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू ललित कला राजकीय महाविद्यालय, लौहारब में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वर्षभर विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का सपना था कि लौहारब में ललित कला महाविद्यालय स्थापित हो। इसी उद्देश्य से वर्ष 2016 में इस संस्थान की आधारशिला रखी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्ष 2024 में महाविद्यालय का लोकार्पण किया, जिसके बाद से यह संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि ललित कला केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि रचनात्मकता, सौंदर्य बोध और मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत एवं अन्य कलाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता का विकास होता है और उनका व्यक्तित्व निखरता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित करते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी 30 राजकीय महाविद्यालयों में कौशल विकास से संबंधित विभिन्न ट्रेड प्रारम्भ किए गए हैं, जिन्हें विद्यार्थियों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। साथ ही चरणबद्ध ढंग से महाविद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।







