
4/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
नगर परिषद कुल्लू के नवगठित बोर्ड की पहली बैठक मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सभी पार्षदों ने भाग लिया, जबकि कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक के बाद विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों के अलावा पुलिस, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि शहर की सबसे बड़ी चुनौती कूड़ा-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन करना है और इसी दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद के समक्ष कचरा प्रबंधन के लिए दो तकनीकी कंपनियों ने अपना प्रस्तुतीकरण दिया। परिषद के प्रतिनिधियों ने पटियाला, पानीपत और मसूरी में आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन भी किया है। वहां अपनाए जा रहे मॉडल का अध्ययन करने के बाद कुल्लू में भी बेहतर व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
विधायक ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रत्येक घर को क्यूआर कोड से जोड़ा जाएगा, जिससे घर-घर से कचरा संग्रहण की निगरानी की जा सकेगी। इससे स्वच्छता व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी तथा लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य कुल्लू शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से योजनाओं को लागू किया जाएगा और सभी विभागों के समन्वय से शहर के समग्र विकास पर कार्य किया जाएगा।





