सोलन पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.40 करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

6/8/2026
सोलन
खबर अभी अभी

जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 2.40 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। वित्तीय जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) के आधार पर की गई इस कार्रवाई में दो वाहन, एक मकान, एक होटल, पोस्ट ऑफिस में जमा धनराशि तथा भूमि को फ्रीज किया गया है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने कहा कि जिला पुलिस अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एसपी ने बताया कि धर्मपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 और 2026 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों की वित्तीय जांच के दौरान आरोपियों की संपत्तियों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने नशे के अवैध कारोबार से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की थी। इसके बाद करीब 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि जिले के अन्य मामलों में भी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के एक मामले में लगभग 47 लाख रुपये तथा परवाणू थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में करीब 65 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। इस प्रकार वर्ष 2026 में अब तक जिला सोलन पुलिस द्वारा कुल करीब 3.50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।

एसपी वार्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 99 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 205 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के 157, पंजाब के 15, हरियाणा के 19, चंडीगढ़ के 7, बिहार के 2, नेपाल के 4 नागरिक तथा एक विदेशी नागरिक शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पुलिस ने विभिन्न अभियानों के दौरान करीब 1.3 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) भी बरामद किया है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस गिरफ्तारी, वित्तीय जांच, अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Share the news