
8/8/2026
सोलन
खबर अभी अभी
सोलन के माल रोड पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम सोलन की टीम और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने में “पीक एंड चूज” की नीति अपनाई जा रही है।
व्यापारियों का कहना था कि कुछ दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने निगम से सभी के लिए समान नियम लागू करने और बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है और यह कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। टीम ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है।
मौके पर कुछ देर तक माहौल गर्म रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि निगम ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो वे इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएंगे।





