
27 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | भोटा, हमीरपुर

शिमला-मटौर मार्ग पर भोटा से करीब एक किलोमीटर पीछे मोरसू के पास टैक्सी और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टैक्सी में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक सीमेंट लेकर ऊना की ओर जा रहा था, जबकि टैक्सी रंगस से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। टैक्सी में सवार व्यक्ति को चंडीगढ़ से फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन भोटा के पास मोरसू में दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि टैक्सी में सवार व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं टैक्सी चालक को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक चालक के अनुसार सामने से आ रही टैक्सी के चालक ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया। इसके बाद दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवाया।





