
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। नेपाल में हुई दुखद त्रासदी और हादसे में मारे गए लोगों की आत्मशांति के लिए प्रवासी सांझा मंच की ओर से कुल्लू के ढालपुर मैदान में रविवार देर शाम शांति कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान मंच के सदस्यों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर हिमाचल प्रवासी सांझा मंच की सदस्य लक्ष्मी ने बताया कि नेपाल में हुई बड़ी त्रासदी के चलते मंच ने अपना प्रस्तावित हरितालिका तीज कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि तीज का कार्यक्रम 14 सितंबर को आयोजित किया जाना था और इसके लिए कुल्लू में मंच के सदस्यों ने तैयारियां भी पूरी कर ली थीं।
लक्ष्मी ने बताया कि हरितालिका तीज प्रवासी नेपाली समुदाय का महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे हर वर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस बार कार्यक्रम के लिए नेपाल से कलाकारों को भी कुल्लू बुलाने की तैयारी की जा रही थी और उन्हें आमंत्रित करने की प्रक्रिया चल रही थी।
उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई त्रासदी के बाद मंच ने सभी तैयारियां और कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। कुल्लू के कला केंद्र में प्रस्तावित तीज समारोह का आयोजन भी अब नहीं किया जाएगा।
प्रवासी सांझा मंच के सदस्यों ने कहा कि नेपाल में हुई इस दुखद घटना के मद्देनजर इस वर्ष कुल्लू में तीज का त्योहार उत्सव के रूप में नहीं मनाया जाएगा। मंच ने नेपाल में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मशांति के लिए प्रार्थना की।
कैंडल मार्च के दौरान प्रवासी समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर नेपाल में हुई त्रासदी पर दुख व्यक्त किया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी।





