
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। सोलन से चंबाघाट की ओर नगर निगम द्वारा बनाया गया फुटपाथ इन दिनों बदहाली का शिकार है। फुटपाथ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोग चाहकर भी इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। जगह-जगह उगी भारी-भरकम झाड़ियों, रास्ते में पड़े मलबे और बीच में लगे बिजली के पोल के कारण फुटपाथ पर पैदल चलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फुटपाथ के किनारों पर लंबे समय से झाड़ियां उगी हुई हैं। कई जगहों पर मलबा भी पड़ा हुआ है, जबकि फुटपाथ के बीच में बिजली के पोल होने के कारण पैदल चलने वालों को रास्ता तलाशना पड़ता है। ऐसी स्थिति में लोग फुटपाथ के बजाय सड़क के किनारे चलने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि फुटपाथ का निर्माण पैदल राहगीरों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में इसका उद्देश्य ही पूरा नहीं हो पा रहा है। लंबे समय से झाड़ियां और मलबा पड़े होने के बावजूद नगर निगम की ओर से इन्हें हटाने के लिए उचित कार्रवाई नहीं की गई है।
फुटपाथ की बदहाल स्थिति के कारण सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि फुटपाथ की नियमित सफाई और रखरखाव किया जाए तो इसका लाभ शहरवासियों को मिल सकता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि फुटपाथ से झाड़ियों और मलबे को जल्द हटाया जाए तथा बीच रास्ते में आने वाले बिजली के पोल को लेकर भी उचित व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित पैदल रास्ता मिल सके।
फिलहाल स्थिति यह है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया यह फुटपाथ सिर्फ नाम का फुटपाथ बनकर रह गया है।





